राज कुमार शर्मा
नागल, सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नागल क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा हर्षोल्लास के साथ एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने भाग लिया और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से जनता के समक्ष रखा। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण का कालखंड बताते हुए उत्साह व्यक्त किया।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों ने देश के गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
जसवंत सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से करोड़ों किसानों को सीधे आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा प्रदान कर रही है, जबकि आयुष्मान भारत योजना गरीब परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा कवच साबित हुई है। उन्होंने कहा कि मुफ्त खाद्यान्न योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली है और सरकार की विभिन्न योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने का लाभ जनता को प्रत्यक्ष रूप से मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, जिससे निवेश और उद्योगों को बढ़ावा मिला है। आज उद्योगपति और कारोबारी प्रदेश को सुरक्षित मानकर निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से पहले प्रदेश में अपराध और अराजकता का माहौल था, लेकिन वर्तमान सरकार ने सुरक्षा और विकास दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में न्यू चौधरी पेस्टिसाइड संस्थान का उद्घाटन भी किया गया। उपस्थित लोगों ने इसे क्षेत्र के किसानों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही।
इस अवसर पर हरीश त्यागी, पवन त्यागी, विजयपाल, चौधरी राज सिंह, अरुण त्यागी, यशपाल, मुकेश महेश्वरी, नरेंद्र राणा, नीतिश शर्मा, चौधरी राजकुमार, राजीव त्यागी, सूरज सैनी, जोगिंदर सैनी, संदीप सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।








