शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की लगातार तीसरी जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रत्येक घर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
रविवार को हरिद्वार से मां शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए जाते समय मदन कौशिक कुछ समय के लिए छुटमलपुर स्थित भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य विकास गुप्ता के कैंप कार्यालय पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान आयोजित संक्षिप्त बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को मिशन 2027 के लिए सक्रिय होने का संदेश दिया।
मदन कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और व्यापारियों के हित में अनेक योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचा है और अब आवश्यकता है कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों और नीतियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाकर और जनता से सतत संवाद स्थापित कर पार्टी 2027 में फिर से ऐतिहासिक सफलता हासिल कर सकती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य विकास गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में पूर्व एसडीओ अशोक शर्मा, पूर्व प्रधान नरेश धीमान, संदीप रोहिला, सुशील सैनी, मांगेराम शर्मा, कविता अरोड़ा, ममता शर्मा, सुमित कंबोज, ऋषिपाल सैनी, अरविंद शांडिल्य, बृजभूषण सैनी, हेमंत सैनी, राजकुमार प्रधान, सुधीर सैनी, सुशील चौधरी, शोभित चौहान, मोहित शर्मा, सत्यपाल सैनी, दिनेश पंडित, अंकित वाल्मीकि, योगेंद्र चौधरी, श्रवण कश्यप, शुभम धीमन, शुभम शर्मा, विनय सैनी, सूर्यांश शर्मा, आयुष गुप्ता, सत्यम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








