Saharanpur Police Action: एसएसपी अभिनंदन सिंह की बड़ी कार्रवाई, 6 माह में 146 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, 36 निलंबित

सहारनपुर में एसएसपी अभिनंदन सिंह ने अनुशासनहीनता और लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई करते हुए छह माह में 146 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की। 36 पुलिसकर्मी निलंबित और 110 लाइनहाजिर किए गए। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जन शिकायतों के निस्तारण, विवेचनाओं की गुणवत्ता और पुलिस की कार्यशैली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन सिंह ने जिले में बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। एक जनवरी 2026 से 30 जून 2026 के बीच लापरवाही, अनुशासनहीनता और शिकायतों की जांच में दोषी पाए गए 146 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 36 पुलिसकर्मियों को निलंबित, 110 को लाइनहाजिर किया गया, जबकि दो पुलिसकर्मियों पर मिस कंडक्ट की कार्रवाई की गई।

एसएसपी की इस कार्रवाई को सहारनपुर पुलिस महकमे में अनुशासन स्थापित करने और जनता का पुलिस पर भरोसा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लंबे समय से पुलिस के कार्य व्यवहार और विवेचनाओं में लापरवाही को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, जिनकी जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।

जिले में वर्तमान में 22 थाने, एक साइबर थाना, एक एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) और 100 से अधिक पुलिस चौकियां संचालित हैं। इसके अलावा विभिन्न शाखाएं और विशेष प्रकोष्ठ भी कार्यरत हैं। प्रतिदिन एसएसपी, एसपी सिटी और एसपी देहात कार्यालयों में पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायतें पहुंचती हैं। इन्हीं शिकायतों की निष्पक्ष जांच के आधार पर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई।

रिकॉर्ड के अनुसार, कार्रवाई की जद में सबसे अधिक 54 उप निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) आए हैं। इनके अलावा 25 निरीक्षक, बड़ी संख्या में हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल भी लापरवाही या अनुशासनहीनता के मामलों में दोषी पाए गए। जांच के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेजने सहित विभागीय कार्रवाई की गई।

निलंबित किए गए 36 पुलिसकर्मियों में एक निरीक्षक, 10 उप निरीक्षक, 12 हेड कांस्टेबल और 13 कांस्टेबल शामिल हैं। वहीं एक उप निरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल के खिलाफ दुर्व्यवहार और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोपों पर मिस कंडक्ट की कार्रवाई की गई।

एसएसपी अभिनंदन सिंह, जिन्होंने 7 फरवरी 2026 को सहारनपुर जिले का कार्यभार संभाला था, शुरुआत से ही पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर देते रहे हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आमजन के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करें तथा विवेचनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

एसएसपी ने कहा कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच के आधार पर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा एवं मनोयोग से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि भविष्य में भी अनुशासनहीनता, लापरवाही, भ्रष्ट आचरण या अवैध गतिविधियों में संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से स्पष्ट संकेत गया है कि सहारनपुर पुलिस में लापरवाही या अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ेगी और आम जनता का पुलिस तंत्र पर विश्वास और मजबूत होगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य