शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर (दैनिक शहरी चौपाल) विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकेश सहानी ने सहारनपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कश्यप, निषाद, मल्लाह एवं उनसे जुड़ी उपजातियों को आरक्षण देने की मांग को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाज को आरक्षण नहीं मिला तो प्रदेशभर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपना निर्णय करेगा।
दिल्ली रोड स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुकेश सहानी ने कहा कि कश्यप, निषाद और मल्लाह समाज लंबे समय से अपने अधिकारों की मांग कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 के बाद से इन समाजों की लगातार उपेक्षा हुई है और अब समाज अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठा रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में ‘गंगा जल संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से समाज के लोगों को जागरूक किया जाएगा और गंगा जल हाथ में लेकर यह संकल्प दिलाया जाएगा कि आरक्षण के मुद्दे को प्राथमिकता दी जाए।
मुकेश सहानी ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद का नाम लेते हुए कहा कि समाज की अपेक्षाओं पर उन्हें खरा उतरना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समाज के हितों से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं हुआ तो जनता स्वयं इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि समाज को उसके संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अपने आंदोलन के दौरान उन्हें लखनऊ में कुछ समय तक नजरबंद रखा गया, लेकिन इससे उनके आंदोलन की गति नहीं रुकेगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं बल्कि समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ना है।
सम्मेलन में जिलाध्यक्ष सतीश कश्यप, पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप, श्यामलाल कश्यप, अर्जुन कश्यप, जेई अनुज कश्यप, राजू कश्यप, ब्रजमोहन कश्यप सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार और आगामी रणनीति पर भी चर्चा की गई।








