Saharanpur News: मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के दिए निर्देश

मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की मंडलीय मासिक भौतिक एवं वित्तीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहारनपुर मंडल के तीनों जनपदों में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भौतिक और वित्तीय प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

बैठक में जनपदवार उपलब्धियों, निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति, बजट उपयोग, वित्तीय व्यय, मानव संसाधन, आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता तथा रिपोर्टिंग व्यवस्था की समीक्षा की गई। आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन, नियमित टीकाकरण, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, पोषण अभियान, गुणवत्ता सुधार (एनक्यूएएस), जन आरोग्य समिति, किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र लाभार्थियों तक हर हाल में पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में नियमित समीक्षा कर कम प्रगति वाले क्षेत्रों की पहचान की जाए और प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान तथा अन्य वर्तमान स्वास्थ्य अभियानों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए माइक्रोप्लानिंग, फील्ड मॉनिटरिंग, आईईसी एवं बीसीसी गतिविधियों, समयबद्ध रिपोर्टिंग तथा पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

मंडलायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों की गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को वित्तीय संसाधनों का पारदर्शी एवं नियमानुसार उपयोग करने, रिपोर्टिंग में शुद्धता बनाए रखने तथा फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान विभागीय एवं अंतर-विभागीय समन्वय को और मजबूत बनाने, सहयोगी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आगामी अभियानों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई। मंडलीय एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की उपलब्धियों, चुनौतियों, वित्तीय स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना से मंडलायुक्त को अवगत कराया।

मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार हो तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य, सहारनपुर मंडल के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मंडलीय एवं जनपद स्तरीय अधिकारी तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य