गांधी जयंती पर सरकारी भवनों पर फहरेगा तिरंगा, नौ बजे होगा माल्यार्पण

डीएम ने अधिकारियों को दिए गरिमापूर्ण आयोजन के निर्देश, सत्य-अहिंसा और भाईचारे का संदेश पहुंचाने पर जोर

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने सभी विभागों एवं कार्यालयाध्यक्षों को गांधी जयंती समारोह सम्मानपूर्वक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए तथा कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थाओं में प्रातः नौ बजे महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में महात्मा गांधी के जीवन-संघर्ष, देश सेवा और उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला जाए। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में गांधीवादी जीवन-दृष्टि को बढ़ावा देने के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, गोष्ठियां और अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। विद्यार्थियों को गांधी के जीवन और उनके विचारों के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से भी प्रभावी जागरूकता अभियान चलाया जाए। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, दहेज प्रथा समाप्त करने तथा महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आमजन, विशेषकर महिलाओं को जागरूक किया जाए।
डीएम ने कहा कि महात्मा गांधी की ग्राम स्वराज की अवधारणा, पारदर्शी शासन व्यवस्था तथा इस दिशा में किए जा रहे अभिनव एवं सार्थक प्रयासों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाए। लोगों को सादा जीवन-उच्च विचार, मितव्ययिता, नैतिकता, भाईचारा, सर्वधर्म समभाव, सत्य और अहिंसा जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की विकास संबंधी प्राथमिकताओं से भी आमजन को अवगत कराया जाए और विकास कार्यों में उनकी भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए। अपराधमुक्त, अन्यायमुक्त और भयमुक्त वातावरण बनाने, कानून व्यवस्था में जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कानून का राज स्थापित करने तथा संवेदनशील एवं स्वच्छ प्रशासन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को प्रदेश सरकार के प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर की दिशा में ले जाने के प्रयासों की जानकारी भी दी जाए। विजन-2047 के संकल्प के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर विकसित भारत का विकसित उत्तर प्रदेश और आत्मनिर्भर भारत का आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से भी लोगों को अवगत कराया जाए।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य