शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को तहसील सदर परिसर में मेरे सपनों का भारत सेवा चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में तहसील सदर क्षेत्र के विकासखंड पुंवारका, बलियाखेड़ी तथा नगर क्षेत्र सहारनपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालयों और माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बच्चों द्वारा तैयार की गई आकर्षक एवं रचनात्मक कलाकृतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शनी का उद्घाटन नगर विधायक राजीव गुंबर और भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए छात्र-छात्राओं की कलाकृतियों की सराहना की। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विकसित भारत की संकल्पना को अपनी कल्पनाओं के माध्यम से चित्रों में उकेरा। इसके साथ ही पिछले 10 वर्षों में भारत की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, आधारभूत ढांचे और डिजिटल भुगतान सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति को भी कलाकृतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
श्रेष्ठ कलाकृतियों का चयन कर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय वर्ग में शरबतपुर, विकासखंड बलियाखेड़ी की छात्रा नैंसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मल्हीपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय, विकासखंड बलियाखेड़ी के छात्र आयुष द्वितीय तथा सोना उच्च प्राथमिक विद्यालय, विकासखंड पुंवारका की छात्रा आयुषी तृतीय स्थान पर रहीं। विधायक राजीव गुंबर, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, उप जिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक राजीव गुंबर ने छात्र-छात्राओं को अपने लक्ष्य ऊंचे रखने और उन्हें साकार करने के लिए कठिन परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए सभी को निरंतर मेहनत करनी होगी। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों में जिन सपनों और विकसित भारत की कल्पना को प्रदर्शित किया है, उसे वास्तविकता में बदलने के लिए भी निरंतर प्रयास जरूरी है। उन्होंने कलाकृतियों को तैयार कराने में मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।
उप जिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार ने विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए मेहनत करते रहने का संदेश दिया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों का आभार व्यक्त किया।








