शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना मंडी पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल, दो स्कूटी और 2200 रुपये नकद बरामद किए हैं। मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आली की चुंगी निवासी गुलशेर अहमद और चांद कॉलोनी निवासी शुएब की मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में 11 अक्टूबर को थाना मंडी में मुकदमे दर्ज कराए गए थे। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम जांच और चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान 13 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शक्लापुरी रोड स्थित जुल्मगढ़ की पुलिया के पास कूड़ाघर तिराहे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान शोभित उर्फ शोबी निवासी सम्राट विक्रम कॉलोनी, थाना मंडी और जावेद इकबाल निवासी मोहल्ला बंजारान, कस्बा नकुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग मॉडल की 10 मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद कीं। इसके अलावा 2200 रुपये नकद भी मिले। पुलिस के मुताबिक, यह रकम चोरी की एक मोटरसाइकिल बेचने से प्राप्त हुई थी। बरामद वाहनों के संबंध में अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शोभित उर्फ शोबी के खिलाफ पहले से लूट, आयुध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में आवश्यक धाराएं बढ़ाई गई हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगपाल सिंह, शहरोज आलम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।








