शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और बड़े आयोजनों के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाने वाले यातायात प्रभारी अमित तोमर को इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नति मिली है। उनकी पदोन्नति से पुलिस विभाग के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और अन्य संगठनों में खुशी का माहौल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और शैलेंद्र कुमार गौतम ने उनके कंधों पर स्टार लगाकर बधाई दी और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
अमित तोमर के इंस्पेक्टर बनने की जानकारी मिलते ही उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। विभिन्न वर्गों के लोगों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनकी पदोन्नति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों का कहना है कि अमित तोमर अपनी सक्रियता, कार्यशैली और यातायात प्रबंधन की समझ के कारण जनपद में अलग पहचान रखते हैं।
अमित तोमर को शहर की सामान्य यातायात व्यवस्था के साथ-साथ मुख्यमंत्री के दौरों और प्रधानमंत्री स्तर के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के दौरान भी यातायात प्रबंधन का अनुभव रहा है। हाल ही में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से जुड़े आयोजन में भी उन्होंने जनपद की यातायात व्यवस्था संभालने में भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी अतिथियों के सहारनपुर आगमन पर भी वह अपनी टीम के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते रहे हैं।
कांवड़ यात्रा, शाकुंभरी देवी मेला, मेला गुघाल, अग्निवीर भर्ती परीक्षा और डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान यातायात प्रबंधन की चुनौती रहती है। देवबंद में आयोजित त्यागी समाज सम्मेलन सहित जनपद के अन्य बड़े आयोजनों में भी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए जाते हैं। ऐसे अवसरों पर आम नागरिकों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो, इसके लिए यातायात पुलिस को लगातार सक्रिय रहना पड़ता है।
शहर में वीआईपी आगमन हो या किसी बड़े आयोजन के कारण यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति, अमित तोमर अपनी टीम के साथ व्यवस्थाएं संभालने में जुटे रहते हैं। उनकी पदोन्नति को सेवाकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों सहित समाज के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह इंस्पेक्टर के रूप में भी इसी समर्पण और सक्रियता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।








