शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शिवालिक की पहाड़ियों के बीच स्थित सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मां के दर्शन के लिए प्रतिदिन हजारों भक्त पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में मां के जयकारे गूंज रहे हैं और श्रद्धालु लंबी कतारों में लगकर दर्शन कर रहे हैं। कोई निजी वाहन से तो कोई पदयात्रा कर माता के दरबार पहुंच रहा है। कई श्रद्धालु लेटकर भी अपनी आस्था प्रकट करते हुए भवन तक पहुंच रहे हैं। दर्शन से पहले भक्त बाबा भूरादेव मंदिर में मत्था टेककर प्रसाद चढ़ा रहे हैं।
11 से 26 अक्टूबर तक आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान स्वयं लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि मेले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट बेहट को मेला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। वह मेले की समस्त व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए आठ सुपर जोनल और 18 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। उनकी शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है, ताकि मेले के दौरान व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सके। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिला पंचायत तथा मंदिर व्यवस्थापक भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जुटे हुए हैं। मेले में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम तरीके से मां के दर्शन हो सकें तथा मेले का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालु मां के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।








