गय्यूर मलिक
सहारनपुर, । जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बुधवार को मां शाकंभरी देवी शारदीय नवरात्रि मेले में पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया और नवरात्रि के शुभ अवसर पर कन्याओं को अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस रिपोर्टिंग चौकी के विस्तारित भवन का उद्घाटन भी किया गया। इस भवन का निर्माण मंदिर व्यवस्थापक आदित्य राणा द्वारा कराया गया है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। मेला क्षेत्र में कहीं भी कोई कमी दिखाई देने पर तत्काल जानकारी दें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के मां के दर्शन कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश भी दिए गए।

डीएम ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में किसी भी स्थिति में आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए। साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था रखने तथा शौचालयों को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजली, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों के नोडल अधिकारियों को आपसी तालमेल बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। व्यवस्थाएं इस प्रकार संचालित की जाएं कि श्रद्धालु यहां से अच्छा अनुभव लेकर लौटें।
इस अवसर पर एसपी यातायात शैलेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी बेहट सुबोध कुमार, मंदिर व्यवस्थापक आदित्य राणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








