शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दीपावली पर्व से पहले महानगर और नगर निगम में शामिल 32 गांवों में मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त कराने की मांग को लेकर पार्षद एवं कार्यकारणी सदस्य मंसूर बदर के नेतृत्व में पार्षद दल ने मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर आयुक्त शिपू गिरि और अपर नगर आयुक्त सूरज कुमार से मुलाकात की। पार्षदों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित पत्र सौंपते हुए पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की।
इस दौरान पार्षद मंसूर बदर ने कहा कि महानगर और निगम में शामिल 32 गांवों में स्ट्रीट लाइटों की स्थिति बेहद खराब है। हजारों लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दीपावली से पहले सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराकर चालू कराने की मांग की। साथ ही प्रमुख चौराहों और बाजारों में नगर निगम की ओर से आकर्षक लाइटिंग और सजावट कराने की बात कही।
पार्षद सईद सिद्दीकी, समीर अंसारी, रईस पप्पू और इजहार मंसूरी ने कहा कि कई स्थानों पर सीवर के चैंबर टूटे पड़े हैं और सीवर लाइनें ब्लॉक होने से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने पर्व से पहले टूटे सीवर चैंबरों की मरम्मत और बंद सीवर लाइनों की सफाई कराने की मांग उठाई। पार्षद डॉ. मंसूर, गुलजेब खान और महमूद हसन ने सड़कों की मरम्मत कराने पर जोर दिया। वहीं पार्षद आसिफ अंसारी, जफर अंसारी और मेनपाल ने बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराने की आवश्यकता जताई।
पार्षद दल ने सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने की मांग भी की। मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर आयुक्त शिपू गिरि और अपर नगर आयुक्त सूरज कुमार ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि दीपावली से पहले नगर और निगम में शामिल गांवों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी।







