अमित कुमार उपाध्याय
सहारनपुर। यातायात माह के तहत चिलकाना पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने आठ वाहनों के चालान किए, जबकि आवश्यक वाहन संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने और नियमानुसार कार्रवाई के आधार पर तीन मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात, पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी चिलकाना अक्षय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग की। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ वाहनों के चालान किए। इसके अलावा तीन मोटरसाइकिलों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया। सीज किए गए वाहनों में प्लेटिना बाइक संख्या HR-71-A-9153, हीरो होंडा बाइक संख्या UP-11-BE-8994 तथा प्लेटिना मोटरसाइकिल शामिल है, जिसका चेसिस नंबर MBLHAW238R9A93388 है।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी अक्षय शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजकुमार चौहान, उपनिरीक्षक रवि कुमार, विमल कुमार सैनी, हेड कांस्टेबल मोहित शर्मा और कांस्टेबल दीपक कुमार शामिल रहे। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।







