शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर विधायक राजीव कुमार गुंबर का 58वां जन्मदिन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उनसे मुलाकात कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में प्रस्तावित नगर विकास के कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने का आश्वासन देते हुए विधायक के जनसेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने राजीव कुमार गुंबर से जनहित के कार्यों में और अधिक सक्रियता के साथ जुटने तथा मिशन 2027 की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

विधायक के जन्मदिन के अवसर पर प्रभुजी की रसोई में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लोक कल्याण समिति के सचिव शीतल टंडन ने विधायक राजीव कुमार गुंबर और उनकी पत्नी स्नेह गुंबर को पगड़ी एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर प्रभुजी की रसोई में संचालित निःशुल्क भोजन सेवा के दस वर्ष पूरे होने पर भी चर्चा हुई। विधायक राजीव कुमार गुंबर ने इस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना समाजसेवा का सराहनीय कार्य है। शीतल टंडन ने बताया कि प्रभुजी की रसोई में प्रतिदिन लगभग 400 लोगों को भोजन कराया जाता है। वर्ष 2017 में तत्कालीन मंडलायुक्त दीपक कुमार अग्रवाल की पहल पर इस सेवा की शुरुआत की गई थी।
कार्यक्रम में आरएसएस प्रमुख अखिलेश मित्तल, कर्नल संजय मिड्ढा, मुरली खन्ना, गोपाल सिंह सैनी, विकास कश्यप, संजीव सचदेवा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।







