शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत सहारनपुर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। गुरुवार को यातायात पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान वाहनों पर लगी अवैध काली फिल्म उतरवाई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के चालान भी किए गए। पुलिस ने चारपहिया वाहनों की जांच करते हुए अवैध काली फिल्म के इस्तेमाल पर कार्रवाई की।
सहारनपुर पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 548 वाहनों के चालान किए गए तथा छह लाख रुपये से अधिक का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।







