शहरी चौपाल ब्यूरो
नानौता (सहारनपुर)। कस्बे में ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाया गया। नगर की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों नमाजियों ने नमाज अदा कर देश और दुनिया में अमन-चैन की दुआ मांगी।
सुन्नी ईदगाह अल मारूफ बड़ी ईदगाह में हजरत मौलाना मोहम्मद आमिल, शिया ईदगाह दादा मिराजी रोड पर मौलाना सैय्यद मुख्तार हुसैन, जामा मस्जिद में मौलाना ओसामा सिद्दीकी तथा ग्राम नेनपुर सैय्यद में मौलाना सैय्यद जिया अब्बास ने नमाज अदा कराई। वहीं पुरानी शिया जामा मस्जिद में मौलाना सैय्यद हिदायत हुसैन साहब ने ईद की नमाज संपन्न कराई।
नमाज के बाद ईदगाहों पर लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी। इस दौरान नगर पंचायत चेयरमैन रूमाना अफजल खान द्वारा सभी ईदगाहों और मस्जिदों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था कराई गई। वहीं थाना अध्यक्ष नवीन सैनी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
शिया समाज ने काली पट्टी बांधकर जताया गम
ईद के मौके पर शिया समाज के लोगों ने अपने बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर नमाज अदा की और गम का इजहार किया। शिया उलेमा ने बताया कि यह प्रतीकात्मक विरोध और शोक प्रकट करने का तरीका है, जिसमें समुदाय ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
सौहार्द का दिखा संदेश
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने नमाजियों पर पुष्पवर्षा कर भाईचारे और एकता का संदेश दिया। पूरे नगर में त्योहार को लेकर उत्साह और शांति का माहौल बना रहा।








