शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर/देवबंद। उत्तर प्रदेश एटीएस ने देवबंद निवासी एक मौलाना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मौलाना का नाम ईद के दिन थाना क्षेत्र के गांव थितकी में हुई विवादित नारेबाजी के मामले में सामने आया था, जिसके बाद खुफिया एजेंसियां उस पर नजर बनाए हुए थीं।
सूत्रों के अनुसार एटीएस टीम ने मौलाना को मेरठ के पास उस समय हिरासत में लिया, जब वह देवबंद लौट रहा था। हालांकि इस कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन खुफिया एजेंसियां पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक आरोपी मौलाना पर सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को भड़काने और ईद के दिन नारेबाजी कर माहौल खराब करने की साजिश रचने के आरोप हैं। इसके अलावा उसके हालिया विदेशी दौरों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। बताया जा रहा है कि वह ईरान, दुबई, इराक समेत कई देशों की यात्रा कर चुका है।
मौलाना ने ईरान स्थित अल मुस्तफा यूनिवर्सिटी में करीब पांच वर्ष तक धार्मिक शिक्षा प्राप्त की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विदेश प्रवास के दौरान उसके किन-किन लोगों से संपर्क रहे और उनका क्या उद्देश्य था।
सूत्रों के अनुसार हाल ही में एक तकरीर के दौरान उसने एक संगठन के समर्थन में बयान दिया था, जिसका वीडियो सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई थीं। इसके अलावा उसने इस्लामाबाद में हुए बम विस्फोट में मारे गए लोगों के समर्थन में कैंडल मार्च निकालने की अनुमति भी मांगी थी, जिसे प्रशासन ने अस्वीकार कर दिया था।
फिलहाल एटीएस और स्थानीय पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में लगी हुई हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।
अपडेट ख़बर
एटीएस ने पूछताछ के बाद मौलाना को छोड़ा, नहीं हुई किसी आरोप की पुष्टि
देवबंद के गांव थितकी में ईद की नमाज़ के बाद विवादित नारे लगाने और हिजबुल्ला के समर्थन में बयानबाजी करने के आरोप में यूपी एटीएस द्वारा मेरठ के पास से कथित तौर पर गिरफ्तार किए गए देवबंद के शिया आलिम को एटीएस अधिकारियों ने कई घंटे पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। जिसके बाद अब वह अपने गांव थितकी लौट रहे हैं। बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान मौलाना पर लगे किसी आरोप की पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि मौलाना को पूछताछ के बाद छोड़ दिए जाने की भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
——————








