सहारनपुर में मोबाइल टावर बैटरी चोरी गैंग का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर के बेहट थाना पुलिस ने मोबाइल टावर बैटरी चोरी गैंग का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 25 बैटरियां, स्कॉर्पियो कार और बाइक बरामद की। मुख्य आरोपी सलमान पर 36 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में लगातार बढ़ रही मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी की घटनाओं का थाना बेहट पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 25 मोबाइल टावर बैटरियां, एक मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार बरामद की है। मुख्य आरोपी सलमान पर सहारनपुर जिले के विभिन्न थानों में 36 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 8 मई 2026 को थाना बेहट क्षेत्र में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी और पुलिस टीम पर हमला करने की घटना सामने आई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

एसएसपी के निर्देशन में चोरी, लूट और संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार दीक्षित के नेतृत्व में थाना बेहट पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को चेकिंग और गश्त के दौरान पुलिस टीम घुन्ना मोड़ पर पहुंची, जहां तीन संदिग्ध युवक एक मोटरसाइकिल के पास खड़े दिखाई दिए। उनके पास प्लास्टिक के बोरे भी रखे थे। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र मकबूल निवासी हुसैन बस्ती बेहट अड्डा थाना मंडी सहारनपुर, सारिक पुत्र शराफत निवासी अकबरपुर सुनहेटी थाना कैराना जनपद शामली और कादिर पुत्र अलीशेर निवासी अकबरपुर सुनहेटी थाना कैराना शामली के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई थाना क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने मुसैल, शाहपुर गाड़ा, हसनपुर मिर्जापुर, घड़कोली, घुन्ना, कुतकपुर कुलानी, हरड़ाखेड़ी, पटनी पिलखनी, सरकड़ी शेख और जमालपुर समेत कई गांवों में मोबाइल टावरों से दर्जनों बैटरियां चोरी करने की बात कबूल की।

एसएसपी ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से मोबाइल टावरों को निशाना बना रहा था। चोरी की घटनाओं से मोबाइल नेटवर्क कंपनियों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंच रहा था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

मुख्य आरोपी सलमान का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ सहारनपुर जिले के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, पुलिस मुठभेड़ और अन्य गंभीर धाराओं में 36 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी सारिक पर 16 और कादिर पर 17 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 मोबाइल टावर बैटरियां, एक मोटरसाइकिल और एक स्कॉर्पियो कार बरामद की है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रविंद्र कसाना, उपनिरीक्षक धीरज सिंह, हेड कांस्टेबल विकास, राहुल राणा, अनुज, गोविंद, गौरव तथा कांस्टेबल श्रवण, उमंग राठी और संजू सेम शामिल रहे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में चोरी और संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य