शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी क्षेत्र में अप्रैल माह में मिले अज्ञात शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए सनसनीखेज हत्या का खुलासा कर दिया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, सिम कार्ड और हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद की गई है।
एसएसपी ने बताया कि 24 अप्रैल 2026 को ग्राम कैलाशपुर के कब्रिस्तान मार्ग के पास खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। मामले में उपनिरीक्षक शिव कुमार की तहरीर पर थाना गागलहेड़ी में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान 7 मई को मृतक की पहचान दादा उर्फ सुल्तान के रूप में हुई। जांच में ग्राम रसूलपुर पापड़ेकी निवासी अब्दुल्ला पुत्र स्वर्गीय शकील का नाम सामने आया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मंगलवार को आरोपी अब्दुल्ला को ग्राम छपरेड़ी से ढाल्ला माजरा जाने वाले रास्ते पर निर्माणाधीन टंकी के पास बने कमरे के बरामदे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह और मृतक दादा उर्फ सुल्तान 9 अप्रैल को कैलाशपुर के पास एक बाग में बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान मृतक ने आरोपी की पत्नी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए संबंध बनवाने की बात कही। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना ली। आरोपी ने पहले मृतक को और अधिक नशा कराया और फिर ईंट से उसके सिर पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार हमले के दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें मृतक की टी-शर्ट निकल गई थी। इसके बाद जब मृतक भागने लगा तो आरोपी ने पीछे से फिर ईंट मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
हत्या के खुलासे में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र, उपनिरीक्षक शिव कुमार, कांस्टेबल सुशांत कपिल, नरदेव कुमार और अनुज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने दावा किया है कि तकनीकी साक्ष्यों और निष्पक्ष जांच के आधार पर मामले का सफल अनावरण किया गया है।








