सहारनपुर भाजपा में संगठन विस्तार, 11 मंडल प्रभारियों की घोषणा, शीतल बिश्नोई ने दी शुभकामनाएं

भारतीय जनता पार्टी महानगर सहारनपुर में संगठनात्मक विस्तार के तहत 11 मंडल प्रभारियों की घोषणा की गई। महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, विधायक राजीव गुंबर और महापौर अजय सिंह ने नवनियुक्त प्रभारियों को शुभकामनाएं दीं।

शहरी चौपाल ब्यूरो

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी महानगर सहारनपुर में संगठनात्मक विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को गति देने के उद्देश्य से प्रदेश एवं क्षेत्रीय नेतृत्व द्वारा महानगर और देहात विधानसभा क्षेत्रों के कुल 11 मंडल प्रभारियों की घोषणा की गई। भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने सभी नवनियुक्त मंडल प्रभारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने कहा कि सभी मंडल प्रभारी संगठन के अनुभवी, कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने पार्टी में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है और कार्यकर्ताओं की मेहनत व समर्पण के आधार पर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने भी सभी नवनियुक्त प्रभारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी प्रभारी पार्टी को और मजबूत बनाने में अहम योगदान देंगे।

महापौर अजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ताओं को उनकी संगठन क्षमता, जनसेवा और मेहनत के आधार पर जिम्मेदारियां दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि मंडल प्रभारी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेंगे और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नगर विधानसभा क्षेत्र के छह मंडल प्रभारियों की घोषणा की गई है। योग चुग को भूतेश्वर मंडल का प्रभारी बनाया गया है। वर्तमान में वह महानगर उपाध्यक्ष हैं और बूथ अध्यक्ष से लेकर मंडल अध्यक्ष तथा महानगर महामंत्री तक विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं।

मानवेंद्र भारद्वाज को जनक मंडल का प्रभारी बनाया गया है। वे युवा मोर्चा के समय से सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं और वर्तमान में महानगर कोषाध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे हैं। चुनाव प्रबंधन में भी उनका अनुभव महत्वपूर्ण माना जाता है।

सरदार सुपनीत सिंह को हकीकत मंडल का प्रभारी बनाया गया है। वे भाजपा में 1992 से सक्रिय हैं और सेक्टर महामंत्री, युवा मोर्चा, मंडल प्रभारी तथा महानगर महामंत्री जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उनकी मजबूत पहचान मानी जाती है।

अनेश शर्मा को प्रताप मंडल का प्रभारी बनाया गया है। वे भाजपा में सेक्टर अध्यक्ष से लेकर महानगर महामंत्री तक कई जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। सामाजिक समीकरणों को साधने में उनकी विशेष कार्यशैली की चर्चा रहती है। इससे पहले भी वे प्रताप मंडल के प्रभारी रह चुके हैं।

सुनील गुप्ता को शारदा मंडल का प्रभारी बनाया गया है। वे पूर्व में हकीकत मंडल के प्रभारी रह चुके हैं और लोकसभा तथा विधानसभा चुनावों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वहीं शैलेंद्र भूषण गुप्ता को केशव मंडल का प्रभारी बनाया गया है। वे भाजपा नगर कार्यकारिणी सदस्य और सदस्यता अभियान में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं तथा सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी अच्छी पहचान है।

देहात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पांच मंडल प्रभारियों की घोषणा की गई है। अमित चौधरी को गागलेहड़ी मंडल का प्रभारी बनाया गया है। वे पूर्व में महानगर मंत्री और पूर्णकालिक विस्तारक के रूप में विभिन्न राज्यों और जिलों में संगठन कार्य कर चुके हैं।

ठाठ सिंह राणा को टोपरी मंडल का प्रभारी बनाया गया है। वे पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में महानगर मंत्री का दायित्व संभाल रहे हैं। विनीत गुप्ता को कोटा मंडल का प्रभारी बनाया गया है, जिन्हें बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन कार्य का लंबा अनुभव है।

नीरज माहेश्वरी को पुवारका मंडल का प्रभारी बनाया गया है। वे पूर्व में महानगर महामंत्री और मंडल प्रभारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वहीं विक्रम शर्मा को मानकमऊ मंडल का प्रभारी बनाया गया है। वे भाजपा के पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं में शामिल हैं तथा महानगर उपाध्यक्ष सहित कई पदों पर कार्य कर चुके हैं।

सभी जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि नवनियुक्त मंडल प्रभारी अपने अनुभव और संगठनात्मक क्षमता के बल पर पार्टी को और अधिक मजबूत करेंगे तथा आगामी अभियानों और कार्यक्रमों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य