शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गागलहेड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार शातिर गौकशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 50 किलो गौवंशीय पशु अवशेष और एक सफेद रंग की क्रेटा कार बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गौवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपदभर में अपराध नियंत्रण, गोकशी, चोरी, लूट, डकैती और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में थाना गागलहेड़ी पुलिस टीम गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति पशु पीठ मैदान क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से सफेद रंग की क्रेटा कार बरामद हुई, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP11BQ-8486 है। कार की जांच करने पर उसमें लगभग 50 किलो गौवंशीय पशु अवशेष पाए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम पुत्र शाहिद निवासी मोहल्ला कुरेशियान कस्बा एवं थाना गंगोह, सावेज पुत्र हामिद निवासी मोहल्ला कुरेशियान कस्बा एवं थाना गंगोह, फूल मियां पुत्र खुर्शीद निवासी मोहल्ला बैरून कोटला थाना देवबंद तथा असलम पुत्र अल्ताफ निवासी मोहल्ला भूरी बांस कस्बा कैलाशपुर थाना गागलहेड़ी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना गागलहेड़ी में मु0अ0सं0 151/2026 धारा 3/5क/8 गौवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जनपद में गौकशी और अवैध गतिविधियों में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और अवैध धंधों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है ताकि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अतुल कुमार, उपनिरीक्षक शिव कुमार, उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र, कांस्टेबल सुशांत कपिल, कांस्टेबल अनुज कुमार और रेडियो कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।








