टै।
सहारनपुर। टैक्स एडवोकेट्स एसोसिएशन सहारनपुर के वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गए। चुनाव में अध्यक्ष पद पर प्रवीण सूरी, महासचिव पद पर अंकित गर्ग तथा कोषाध्यक्ष पद पर हरीश भटेजा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव प्रक्रिया आयकर भवन, कोर्ट रोड स्थित परिसर में चुनाव अधिकारी विनय अग्रवाल और आर.एस. माथुर की देखरेख में संपन्न कराए गए। चुनाव के दौरान सभी पदों पर सर्वसम्मति बनने के कारण निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जिस पर अधिवक्ताओं ने खुशी जताई।
नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर प्रवीण सूरी, महासचिव पद पर अंकित गर्ग और कोषाध्यक्ष पद पर हरीश भटेजा के अलावा उपाध्यक्ष पद पर मनोज बंसल एवं देवेंद्र वाधवा, सचिव पद पर उमंग जैन और ललित प्रजापति निर्विरोध निर्वाचित हुए।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूलमालाओं और पटका पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिवक्ताओं और सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संरक्षक राकेश जैन और ज्ञानपाल गुप्ता ने चुनाव अधिकारियों विनय अग्रवाल एवं आर.एस. माथुर का शांतिपूर्ण और निर्विरोध चुनाव संपन्न कराने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन में एकता और सौहार्द का वातावरण बना रहना बेहद महत्वपूर्ण है।
संस्थापक अध्यक्ष चंद्र मोहन शर्मा ने कहा कि नई कार्यकारिणी ऊर्जावान और सक्रिय है, जो संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और संगठन की मजबूती के लिए नई टीम प्रभावी कार्य करेगी।
एच.के. अरोड़ा और प्रियांक भारद्वाज ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया और उन्हें बधाई दी। इस दौरान अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रवीण सूरी ने कहा कि संगठन हमेशा अधिवक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं को अधिकारियों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाकर उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
महासचिव अंकित गर्ग ने कहा कि समय-समय पर विधिक बैठकों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिवक्ताओं को कर संबंधी नए कानूनों और प्रक्रियाओं की जानकारी मिल सके। उन्होंने संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने का भी संकल्प लिया।
स्टेट जॉइंट सेक्रेटरी दीपक जैन ने कहा कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं और व्यापारियों को आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार संवाद बनाए रखेगी। उन्होंने कहा कि संगठन करदाताओं और अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
सभा में अनिल गुप्ता, दीपक जैन, संजय धीमान, आशीष गुप्ता, अर्पित, अनिल शर्मा, रविंद्र कुमार, रामकुमार वर्मा, जावेद रशीद, मनोज जैन, संजीव जैन, सुशील कुमार, नदीम, रवि प्रकाश शर्मा, रितिषेक, जितेंद्र अंशुल, भारद्वाज, पुष्कर, अनिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।








