सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़: फतेहपुर थाना पुलिस ने शातिर गौकश को घायल अवस्था में दबोचा

सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश अभियुक्त अमजद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। मौके से तमंचा, कारतूस, छुरे, कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

अमित कुमार / विमल शर्मा

सहारनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और गौकशी जैसे गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर गौकश अभियुक्त घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस, गौकशी में प्रयुक्त होने वाले औजार तथा मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना फतेहपुर प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा पुलिस बल के साथ कमेशपुर अंडरपास से रजापुर की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक छुटमलपुर कट से गलत दिशा में सर्विस रोड पर आते दिखाई दिए।

पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर दोनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि संदिग्धों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, जिसके बाद दोनों आरोपी खेतों की ओर भागने लगे।

पुलिस के अनुसार पीछा करने पर बदमाशों ने दोबारा पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को मौके पर दबोच लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार कांबिंग अभियान चला रही है।

गिरफ्तार घायल आरोपी की पहचान अमजद पुत्र शब्बीर उर्फ लीला निवासी दतौली मुगल, थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, .315 बोर के दो जिंदा और एक खोखा कारतूस, एक प्लास्टिक का कट्टा, जिसमें रस्सी, चार छुरे और दो छोटी कुल्हाड़ियां थीं, बरामद की हैं। इसके अलावा एक लकड़ी का गुटका और घटना में प्रयुक्त काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ जनपद सहारनपुर के विभिन्न थानों में गौकशी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।

थाना फतेहपुर पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

जनपद में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई के बाद अपराधियों में भय का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य