अमित कुमार / विमल शर्मा
सहारनपुर। जनपद के सैय्यद माजरा टोल प्लाजा पर शांति व्यवस्था भंग करने और आपसी विवाद के मामले में थाना फतेहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना फतेहपुर प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सैय्यद माजरा टोल प्लाजा पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार टोल प्लाजा पर आपसी कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया था, जिससे वहां शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में गागलहेड़ी, हरिद्वार, अमरोहा, राजस्थान और हरियाणा के निवासी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक स्थानों पर विवाद उत्पन्न करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








