गय्युर मलिक
बेहट, सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा” के तहत थाना मिर्जापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 214 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से पूरे जनपद में “ऑपरेशन सवेरा” अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के आदेश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चेकिंग और अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण में थाना मिर्जापुर प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बेहट-विकासनगर रोड स्थित एक झोपड़ी के पास पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 214 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलीम पुत्र हनीफ निवासी ग्राम मिर्जापुर पोल, थाना मिर्जापुर, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना मिर्जापुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किस नेटवर्क के जरिए मादक पदार्थों की सप्लाई करता था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं ताकि नशे के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चरनपाल सिंह और कांस्टेबल मोहित कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में नशे के कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।








