Saharanpur News: ग्लोकल यूनिवर्सिटी में रक्तदान शिविर, 37 छात्र-छात्राओं ने किया रक्तदान

ग्लोकल यूनिवर्सिटी में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। 37 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। सेठ बलदेव दास हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने रक्त संग्रह किया।

गय्यूर मलिक 

बेहट। ग्राम मिर्जापुर के पास स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी में बुधवार को हेल्पिंग हैंड इमरजेंसी ब्लड हेल्पलाइन, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया और मानवता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी संदेश दिया।

शिविर में कुल 37 छात्र-छात्राओं ने रक्तदान किया। इस दौरान विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व की जानकारी दी गई और उन्हें जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में रक्तदान की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। रक्तदान को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।

शिविर के आयोजन में डॉ. शोभा त्रिपाठी, जोगेंद्र रोहिल्ला और अफजल खान के अलावा शमसुद्दीन, मुस्तहाब और अहकाम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ ही शिविर की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

रक्त संग्रह का कार्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सहारनपुर के अंतर्गत सेठ बलदेव दास हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम द्वारा किया गया। अस्पताल की टीम ने शिविर में उपस्थित रहकर रक्तदाताओं की आवश्यक चिकित्सकीय जांच की और निर्धारित प्रक्रिया के तहत रक्त संग्रह का कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराया।

आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का आभार जताते हुए कहा कि युवाओं की इस तरह की सहभागिता समाज में जरूरतमंद लोगों की मदद के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करती है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य