शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल के दिनों में हुई बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा और इससे देश में महंगाई और अधिक बढ़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार पहले से ही आर्थिक दबाव झेल रहे हैं, ऐसे में पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी आम लोगों के लिए नई परेशानी बनकर सामने आएगी।

संदीप राणा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और मध्य पूर्व क्षेत्र में चल रहे तनाव का असर वैश्विक बाजारों पर पड़ रहा है, लेकिन सरकार को समय रहते ऐसे कदम उठाने चाहिए थे जिससे जनता को राहत मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने हालात की गंभीरता को समय रहते नहीं समझा और अब इसका खामियाजा देश की आम जनता भुगत रही है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मार्च माह में ही संभावित आर्थिक संकट और ईंधन कीमतों में वृद्धि को लेकर सरकार को आगाह किया था, लेकिन उस समय सरकार ने इन चेतावनियों को गंभीरता से नहीं लिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते प्रभावी आर्थिक फैसले लिए होते तो वर्तमान हालात को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता था।
संदीप राणा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2008 की वैश्विक मंदी के दौरान भी देश ने आर्थिक चुनौतियों का सामना किया था, लेकिन उस समय दूरदर्शी फैसलों के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था को बड़े संकट से बचाया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को भी जनहित को प्राथमिकता देते हुए आर्थिक नीतियों पर पुनर्विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि केवल वाहन चालकों तक सीमित समस्या नहीं है, बल्कि इसका असर परिवहन, खाद्य पदार्थों, सब्जियों, दवाइयों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर भी पड़ता है। परिवहन लागत बढ़ने से बाजार में महंगाई का दबाव बढ़ता है और इसका सीधा असर आम आदमी की रसोई पर पड़ता है।
कांग्रेस जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा ने भी बढ़ती महंगाई को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए केंद्र सरकार की आर्थिक और विदेश नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को राहत देने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आम नागरिक आर्थिक दबाव झेलने को मजबूर हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने ईंधन की कीमतों पर नियंत्रण करने और जनता को राहत देने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो पार्टी जनहित के इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करने पर मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी और महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद करती रहेगी।








