Saharanpur News: बेहट में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 9 डंपर सीज, पुलिस और राजस्व विभाग का संयुक्त अभियान

सहारनपुर के बेहट क्षेत्र में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 डंपरों को सीज किया। कई वाहन बिना वैध दस्तावेज और ओवरलोड उपखनिज परिवहन करते पाए गए।

गय्यूर मलिक

बेहट। सहारनपुर जनपद के बेहट क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ पुलिस एवं राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ डंपरों को हिरासत में लेकर सीज कर दिया। यह कार्रवाई प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे अवैध खनन विरोधी विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें कई वाहन बिना वैध प्रपत्रों के उपखनिज का परिवहन करते पाए गए, जबकि अधिकांश डंपर ओवरलोड मिले।

शनिवार को कोतवाली बेहट पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यमुना नदी के खनन क्षेत्रों, स्टोन क्रेशरों और स्क्रीनिंग प्लांटों के आसपास सघन जांच की गई। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने प्रमुख मार्गों पर बैरियर लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की और संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की पड़ताल की।

जांच के दौरान नौ डंपर ऐसे पाए गए जो बिना वैध परपत्रों के उपखनिज का परिवहन कर रहे थे। इसके अलावा अधिकांश वाहन निर्धारित सीमा से अधिक ओवरलोड थे। टीम ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर कोतवाली बेहट परिसर में सीज कर दिया। अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए वाहनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीक्षित ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्हीं निर्देशों के अनुपालन में यह संयुक्त अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पर्यावरण और सड़कों को भी गंभीर क्षति पहुंचाता है। इसलिए इस प्रकार की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने खनन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती और अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए नौ डंपरों को पकड़ा। टीम द्वारा वाहनों के दस्तावेजों, वजन और उपखनिज परिवहन से संबंधित अनुमति पत्रों की जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं।

इस अभियान में नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक धीरज सिंह, उपनिरीक्षक राजेंद्र राठी, गौरव राणा, हेड कांस्टेबल राहुल राणा, हेड कांस्टेबल गोविंद, कांस्टेबल अभिषेक खोकर सहित पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों की समस्या बनी हुई थी। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही थीं और दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता था। ऐसे में प्रशासन की सख्ती से अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

प्रशासन ने वाहन संचालकों और खनन कारोबार से जुड़े लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि बिना वैध अनुमति और नियमों के विपरीत खनन अथवा परिवहन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ओवरलोड वाहनों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया उन जाएगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य