सहारनपुर भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान में संगठन विस्तार और चुनाव प्रबंधन पर मंथन

सहारनपुर में भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में संगठन विस्तार, चुनाव प्रबंधन और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका पर मंथन हुआ। क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र शिशोदिया ने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती का मंत्र दिया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी महानगर सहारनपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन गुरुवार को अग्रवाल धर्मशाला में विभिन्न वैचारिक, संगठनात्मक और राजनीतिक सत्रों के साथ संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में संगठन विस्तार, चुनाव प्रबंधन, सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार, राष्ट्रवाद, सामाजिक चुनौतियों और कार्यकर्ता विकास जैसे विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम एकादश सत्र की अध्यक्षता पूर्व महानगर अध्यक्ष के.एल. अरोड़ा ने की। इस दौरान भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र शिशोदिया ने “कार्य विस्तार एवं चुनाव प्रबंधन” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसकी सबसे बड़ी ताकत समर्पित एवं अनुशासित कार्यकर्ता हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता का आधार बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक ढांचा और प्रशिक्षित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने, सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सत्येंद्र शिशोदिया ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होता, बल्कि पूरे वर्ष समाज और राष्ट्रहित में सेवा कार्य करता है। उन्होंने आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर पर अभी से तैयारी शुरू करने और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल प्रत्याशी नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ता मिलकर लड़ते हैं।

प्रशिक्षण वर्ग के दसवें सत्र की अध्यक्षता गोकरण दत्त शर्मा ने की। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने “देश के समक्ष चुनौतियां एवं नैरेटिव” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश कई आंतरिक और बाहरी चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिनमें सामाजिक वैमनस्य फैलाने के प्रयास, सांस्कृतिक मूल्यों पर प्रहार और भ्रम फैलाने वाली राजनीति प्रमुख हैं।

मोहित बेनीवाल ने कहा कि विपक्ष द्वारा झूठे नैरेटिव और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन भाजपा विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के आधार पर जनता का विश्वास जीत रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया और जनसंपर्क के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने तथा विपक्ष के भ्रामक प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देने का आह्वान किया।

नवम सत्र की अध्यक्षता अमित गगनेजा ने की, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने “गरीब कल्याण योजनाएं एवं उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि और मुफ्त राशन योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उन्हें लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

अष्टम सत्र की अध्यक्षता राकेश त्यागी ने की। इस दौरान नगर विधायक राजीव गुंबर ने “कार्यकर्ता विकास एवं संभाल” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके संस्कारित, समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से ही सुनिश्चित होती है और कार्यकर्ता विकास के साथ ही संगठन का विस्तार संभव है।

महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दिलाया। प्रशिक्षण वर्ग के प्रभारी मानसिंह गोस्वामी के नेतृत्व में पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। उन्होंने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

प्रशिक्षण वर्ग में पूर्व महापौर संजीव वालिया, महापौर अजय सिंह, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व मंत्री संजय गर्ग, पूर्व विधायक जगपाल सिंह, प्रदेश मंत्री नूतन शर्मा, रमा गुप्ता, वर्षा चोपड़ा, किशोर शर्मा, सुपनीत सिंह, ललित कटारिया, अमित गर्ग, संदीप रावत, दुष्यंत यादव, निशांत शर्मा, कुसुम अग्रवाल, आरती शर्मा, स्वराज सैनी, विजय चौहान, मनुज तायल, अजय वशिष्ठ, सुनील पवार, मुकुल बाल्मीकि, अरुण यादव, प्रदीप शर्मा, कुलदीप पुंडीर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य