गय्यूर मलिक
बेहट। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा का पर्व गुरुवार को पूरी अकीदत, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। मुस्लिम समाज के लोगों ने ईदगाह पहुंचकर ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, खुशहाली तथा तरक्की की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और कुर्बानी की रस्म अदा की गई।
कस्बे की ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज मौलाना नादिर ने अदा कराई। वहीं बस स्टैंड स्थित मस्जिद में मुफ्ती अकील अहमद, मेन बाजार स्थित मनिहारान मस्जिद में मुफ्ती शादाब अहमद तथा मदरसा कसरुल उलूम में काजी साजिद कुरैशी ने नमाज अदा कराई। नमाज के दौरान मुल्क की खुशहाली, तरक्की और आपसी भाईचारे की दुआएं मांगी गईं।
ईदगाह परिसर में नगर पंचायत बेहट की ओर से शिविर का आयोजन किया गया, जहां नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल रहमान उर्फ शालू, हाजी अहसान कुरैशी, भीम आर्मी जय भीम संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजीत सिंह नौटियाल, मिर्जा अतीक अहमद, अजीम मलिक, सौरभ सिंह, मोहम्मद अहमद काज़मी एडवोकेट, सभासद प्रतिनिधि अब्दुल मालिक मिर्जा, आरिफ मंसूर, तमजीद पीरजादा, अजय नौटियाल, शिफाउल मलिक, बासित मिर्जा और फैसल मिर्जा सहित अन्य लोगों ने लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस उपाधीक्षक बेहट प्रिया यादव, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार दीक्षित और इंस्पेक्टर संजीव शर्मा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।








