सहारनपुर एक्सप्रेसवे लूटकांड का खुलासा, तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

सहारनपुर में गागलहेड़ी पुलिस और स्वाट टीम ने एक्सप्रेसवे पर लूट की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो लूटी गई बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने थाना गागलहेड़ी पुलिस एवं स्वाट टीम द्वारा लूट की दो घटनाओं के सफल अनावरण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर दो लूटी गई मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक अन्य बाइक बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि 21 मई की रात ओमपाल सैनी निवासी धनकरपुर से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया गया था। इस संबंध में थाना गागलहेड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना गागलहेड़ी पुलिस, स्वाट टीम और मिशन शक्ति टीम की संयुक्त टीमें गठित की गईं।

जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गागलहेड़ी कट से आदित्य उर्फ आदि निवासी ऊमरीकलां थाना रामपुर मनिहारान, अक्षित निवासी मिर्जापुर थाना बड़गांव तथा कार्तिक उर्फ बुड्ढा निवासी ऊमरी खुर्द थाना रामपुर मनिहारान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर प्लस बाइक, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि नौकरी और आमदनी से खर्च पूरे न होने के कारण उन्होंने एक्सप्रेसवे पर लूट की योजना बनाई थी। आरोपियों ने पहले कोलकी फ्लाईओवर के पास एक युवक को रास्ता पूछने के बहाने रोका और उसकी बाइक तथा मोबाइल लूट लिया। इसके बाद पुलिस से बचने के लिए वे भगवानपुर की ओर चले गए और मोबाइल की सिम फेंक दी, ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके।

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि इसके बाद उन्होंने यमुनानगर हाईवे पर ग्राम नंदी के पास दूसरी बाइक लूट की वारदात को अंजाम दिया। दोनों लूटी गई मोटरसाइकिलों को हरौड़ा गांव के पास खाली पड़े कमरों में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों बाइकें बरामद कर लीं।

पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने बताया कि गागलहेड़ी पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के चलते घटना का सफल खुलासा किया जा सका। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, स्वाट प्रभारी नीरज पंवार, उपनिरीक्षक अभिनव कुमार सिंह, सुभाष चंद्र, महिला उपनिरीक्षक रश्मि कुमारी सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस अन्य संभावित घटनाओं और आरोपियों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य