SAHARANPUR NEWS चौधरी चरण सिंह की नीतियों से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार: भगत सिंह वर्मा

सहारनपुर के जाट भवन में चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके सिद्धांतों और पृथक पश्चिम प्रदेश की मांग को लेकर विचार रखे।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को सहारनपुर के जाट भवन में आर्य जाट समाज निर्माण समिति की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के जिला अध्यक्ष चौधरी बख्तावर सिंह ने की। इस दौरान हवन-यज्ञ कर चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए तथा जाट भवन के सामने टपरी रोड बाईपास पर राहगीरों को शरबत वितरित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा एवं पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि चौधरी चरण सिंह केवल एक राजनेता नहीं बल्कि अपने आप में एक संस्था थे। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों, मजदूरों, गरीबों, वंचितों और छोटे व्यापारियों के हितों के लिए जीवनभर संघर्ष किया और उनकी आर्थिक नीतियां आज भी देश को विकसित भारत बनाने में मार्गदर्शक साबित हो सकती हैं।

भगत सिंह वर्मा ने कहा कि चौधरी चरण सिंह छोटे राज्यों के पक्षधर थे और समय-समय पर पृथक पश्चिम प्रदेश की मांग उठाते रहे। उन्होंने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर अलग पश्चिम प्रदेश का गठन समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की करीब 8 करोड़ जनता और विभिन्न सामाजिक संगठनों को मिलकर इस मांग को मजबूत करना चाहिए।

विचार गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे चौधरी बख्तावर सिंह ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने राजनीति में मूल्य, सिद्धांत और ईमानदारी की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि वर्ष 1967 में मुख्यमंत्री रहते हुए चौधरी चरण सिंह ने गन्ना किसानों के हित में गन्ने का मूल्य 12 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 17 रुपये प्रति कुंतल किया था, जो उस समय 40 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि थी। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब एक कुशल अर्थशास्त्री भी थे और युवाओं को उनकी किताबों एवं विचारों को पढ़कर आत्मसात करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए चौधरी चरण सिंह की नीतियों को अपनाना बेहद जरूरी है। साथ ही युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया।

विचार गोष्ठी को पूर्व ब्लॉक प्रमुख चौधरी विजेंद्र सिंह, मास्टर रणवीर सिंह, पुष्पेंद्र चौधरी, समाजसेवी सत्येंद्र सोलंकी, रूपेंद्र डायरेक्टर, चौधरी रामकुमार, शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष मास्टर स्वतंत्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुभाष चौधरी, जिला महामंत्री मास्टर कृपाल सिंह, जिला कोषाध्यक्ष चौधरी धीरज सिंह, चौधरी रामवीर सिंह, मास्टर गुरदीप सिंह और विकास आर्य सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, सामाजिक कार्यकर्ता और जाट समाज के लोग मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य