शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही बिजली समस्याओं को लेकर इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) सहारनपुर चैप्टर का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को पीवीवीएनएल के मुख्य अभियंता राजेश कुमार से उनके घंटाघर स्थित कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक क्षेत्रों में हो रही लगातार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज, आरएमयू खराबी और अनियमित शटडाउन जैसी समस्याओं को गंभीर बताते हुए जल्द स्थायी समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कार्यवाहक चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सडाना ने किया। उन्होंने मुख्य अभियंता को बताया कि दिल्ली रोड और नवादा रोड स्थित आरएमयू में लगातार तकनीकी खराबियां आने से औद्योगिक इकाइयों की विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। इससे उद्योगों के उत्पादन पर सीधा असर पड़ रहा है और उद्यमियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आईआईए पदाधिकारियों ने बताया कि दिल्ली रोड, कैलाशपुर-गागलहेड़ी, देहरादून रोड, कामधेनु उद्योग नगर, जनता रोड, नवादा रोड और पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र सहित कई स्थानों पर अत्यधिक ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इसके कारण मशीनों के संचालन में रुकावट आ रही है और उत्पादन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून रोड स्थित वालिया कॉम्प्लेक्स में गंभीर लो-वोल्टेज की समस्या, विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की नियमित कटाई-छंटाई न होने तथा पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में अत्यधिक बिजली बिल आने की शिकायत भी रखी। साथ ही उद्योगों और घरेलू उपभोक्ताओं को समय से बिजली बिल उपलब्ध न होने की समस्या पर भी चिंता जताई गई। प्रतिनिधियों ने सदस्य इकाई मैसर्स गंगा इंडस्ट्रीज के खराब ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलने की मांग भी उठाई।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद मिगलानी ने कहा कि विद्युत लाइनों के आसपास हर सप्ताह नियमित रूप से पेड़ों की कटाई-छंटाई की जानी चाहिए ताकि शाखाएं बिजली तारों से न टकराएं और सप्लाई बाधित न हो। उन्होंने कहा कि बिना तय समय के बार-बार शटडाउन होने से उद्योगों का कार्य प्रभावित हो रहा है और उद्यमियों को आर्थिक क्षति झेलनी पड़ रही है।
आईआईए पदाधिकारियों ने कहा कि उद्योगों के सुचारु संचालन के लिए गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है। यदि विद्युत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो इसका असर औद्योगिक उत्पादन, व्यापार और रोजगार पर भी पड़ेगा।
मुख्य अभियंता राजेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्र विभाग के प्रमुख उपभोक्ता हैं और उन्हें बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के साथ जल्द बैठक कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए जाएंगे ताकि औद्योगिक गतिविधियां बिना बाधा के संचालित हो सकें।
बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद मिगलानी, सीईसी सदस्य कृष्ण राजीव सिंद्यल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.के. धवन, राष्ट्रीय सचिव संजय बजाज, मंडलीय अध्यक्ष सतीश अरोड़ा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मोहन कालड़ा, उपाध्यक्ष संजय कपूर, विनय दहूजा, संदीप कपूर, राकेश गांधी, सुरेश बजाज सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।








