शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर में बढ़ती यातायात समस्या और लगातार लग रहे जाम को देखते हुए नगर निगम ने बेहट रोड पर व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर मंगलवार को नगर निगम की टीम ने पुल खुमरान से देहात कोतवाली तक कार्रवाई करते हुए अस्थायी अतिक्रमण हटवाया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया।
नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा के नेतृत्व में प्रवर्तन दल और निगम कर्मचारियों के साथ अभियान शुरू किया। टीम के पहुंचते ही सड़क किनारे और मार्ग पर सामान रखकर कारोबार करने वाले दुकानदारों एवं रेहड़ी-ठेली संचालकों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने तुरंत अपना सामान समेट लिया, जबकि कुछ रेहड़ी संचालक मौके से हट गए।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान पुल खुमरान से लेकर देहात कोतवाली क्षेत्र तक 50 से अधिक स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। सड़क पर अवैध रूप से सामान फैलाकर बैठने और यातायात बाधित करने वाले करीब एक दर्जन दुकानदारों एवं फल विक्रेताओं से कुल 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान निगम टीम ने तीन रेहड़ियां, दो काउंटर और एक बेंच भी जब्त की। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।
अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा ने बताया कि नगर निगम की ओर से संबंधित क्षेत्र में दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर शासनादेश के अनुरूप अवगत कराया गया है कि यदि उक्त क्षेत्र में पुनः अतिक्रमण होता है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी की होगी।
नगर निगम ने दुकानदारों और रेहड़ी-ठेली संचालकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर अतिक्रमण न करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान के दौरान प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल होम बहादुर गुरुंग सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।








