शहरी चौपाल ब्यूरो
बिहारीगढ़/सहारनपुर। उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा के निकट स्थित अमानतगढ़ की एक बंद पड़ी बायोडीजल फैक्ट्री में सोमवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात का प्रयास किया गया। आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश और हथियारबंद बदमाश फैक्ट्री परिसर में घुस गए तथा वहां तैनात चौकीदारों को बंधक बनाकर चोरी की कोशिश की। ग्रामीणों और पुलिस के मौके पर पहुंचने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक चौकीदार गोली लगने से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार अमानतगढ़ स्थित उत्तरांचल बायोडीजल फैक्ट्री में रात करीब 10 बजे बदमाश पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गेट पर ड्यूटी कर रहे दो चौकीदारों को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और उनके मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिए। इसके बाद बदमाश फैक्ट्री परिसर में चोरी की वारदात को अंजाम देने लगे।
इसी दौरान फैक्ट्री में मौजूद एक अन्य चौकीदार को बदमाशों की गतिविधियों की भनक लग गई। उसने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, जिससे बदमाशों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्रामीणों और पुलिस की मौजूदगी देखकर बदमाश चोरी का सामान वहीं छोड़कर भागने लगे। इस दौरान चौकीदार आंशू राठौर बदमाशों का पीछा करने लगा। आरोप है कि भागते समय बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग के दौरान एक गोली आंशू राठौर की टांग में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घायल चौकीदार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों का दावा है कि बदमाशों द्वारा फैक्ट्री में चोरी की धमकी पहले भी दी गई थी और इस संबंध में पुलिस चौकी को लिखित सूचना देकर सुरक्षा की मांग भी की गई थी। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
उधर, बुग्गावाला थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि चौकीदार अकेले बदमाशों का पीछा कर रहा था, इसी दौरान उसे गोली लगी। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।








