शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मां शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र को सुरक्षित, आधुनिक और सुविधायुक्त धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए हाईमास्ट लाइट लगाने, दो नए मोबाइल टावर स्थापित करने तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचार व्यवस्था मजबूत होने से आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे तथा अर्ली वार्निंग एवं अर्ली अलार्म सिस्टम की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपदा या आकस्मिक स्थिति में श्रद्धालुओं को समय रहते सूचना उपलब्ध कराई जा सके और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर और बाजार क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए दुकानों को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप में संचालित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई और व्यवस्थित बाजार व्यवस्था श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाती है तथा पर्यटन को बढ़ावा देती है।
पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने क्षेत्र में पर्यटन थाना स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि का शीघ्र चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थायी भवन बनने तक अस्थायी पर्यटन थाना संचालित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को तत्काल सहायता उपलब्ध हो सके।
प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर तकनीकी विशेषज्ञों की राय लेने और निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सलिल कुमार पटेल, उप जिलाधिकारी बेहट मानवेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








