शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। आमजन को राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम ने अपने सभी संसाधनों को मैदान में उतारते हुए युद्ध स्तर पर जल निकासी अभियान शुरू कर दिया। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देशन में निगम की टीमें भारी बारिश के बीच भी लगातार सक्शन मशीन, मड पंप, इलेक्ट्रिक मड पंप, जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से जल निकासी कार्य में जुटी रहीं।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने बताया कि शहर में जलभराव की शिकायत मिलते ही सभी जोनों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके तहत आधा दर्जन वाटर सक्शन मशीनें, एक ट्रैक्टर सेंट्रीफ्यूगल पंप और करीब डेढ़ दर्जन डीजल एवं इलेक्ट्रिक मड पंपों को विभिन्न क्षेत्रों में लगाया गया। इसके अलावा जेसीबी और पोकलेन मशीनों की सहायता से जाम नालों की सफाई कर जल निकासी को सुचारु बनाया गया।
नगर निगम द्वारा कलक्ट्रेट, मंडलायुक्त कार्यालय, जनमंच परिसर सहित वार्ड 63, 34, 31, 26, 20, 16, 9, 8, 39 और 40 में विशेष अभियान चलाया गया। वार्ड-26 की नंदपुरी कॉलोनी, रॉय नगर, अमर शहीद स्कूल, न्यू नंदपुरी कॉलोनी, गेंदी देवी मंदिर और प्रकाश लोक कॉलोनी में जलभराव अधिक होने के कारण डीजल और इलेक्ट्रिक मड पंप लगातार चलाए गए। इसी प्रकार वार्ड-31 की नया बांस कॉलोनी, रविदास मंदिर क्षेत्र, एकता कॉलोनी और अमन विहार में भी जल निकासी कराई गई।
वार्ड-9 के मनोहरपुर, वार्ड-20 के दाबकी जुनारदार तालाब, वार्ड-8 के विश्वास नगर, वार्ड-39 की न्यू इंदिरा कॉलोनी तथा वार्ड-40 स्थित स्टेडियम और जनमंच क्षेत्र में भी विशेष जल निकासी अभियान चलाया गया। जहां नालों में कचरा और फ्लोटिंग सामग्री जमा होने से पानी की निकासी बाधित हो रही थी, वहां जेसीबी और पोकलेन मशीनों से सफाई कर पानी का बहाव सामान्य कराया गया।
मुख्य सफाई निरीक्षक परमानंद ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद निगम की टीमें दिन-रात फील्ड में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव की शिकायत मिलते ही संबंधित क्षेत्र में मशीनें भेजकर तत्काल राहत पहुंचाई जा रही है। नगर निगम का प्रयास है कि किसी भी क्षेत्र में लंबे समय तक पानी जमा न रहने पाए।
नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालियों में कूड़ा या प्लास्टिक न डालें, जिससे जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो। साथ ही किसी भी क्षेत्र में जलभराव होने पर तत्काल नगर निगम के कंट्रोल रूम या संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।








