Saharanpur News: कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, नगरायुक्त ने स्वच्छता, सुरक्षा और पेयजल व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश

सहारनपुर में कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर नगरायुक्त शिपू गिरि ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, प्रकाश व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।

शहरी चौपाल ब्यूरो

सहारनपुर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगरायुक्त शिपू गिरि ने शुक्रवार को निगम अधिकारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर कांवड़ यात्रा के दौरान नगर निगम की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगरायुक्त ने विशेष रूप से कांवड़ मार्ग को प्लास्टिक एवं पॉलीथिन मुक्त रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने के लिए कूड़ा नियंत्रण सबसे महत्वपूर्ण है। इसके लिए बड़े कूड़ा कंटेनरों के साथ-साथ कांवड़ शिविरों के आसपास छिद्रयुक्त ड्रम रखने की व्यवस्था की जाए, ताकि डिस्पोजेबल सामग्री और अन्य कचरा निर्धारित स्थान पर ही एकत्र हो सके।

बैठक में कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जीएम स्मार्ट सिटी दिनेश सिंघल ने बताया कि कैलाशपुर से पीएंडटी सेंटर, अंबाला रोड तक 90 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा पहले पांच स्थानों पर प्रस्तावित पब्लिक एड्रेस सिस्टम को बढ़ाकर अब 10 स्थानों पर स्थापित किया जाएगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना प्रसारित की जा सके।

नगरायुक्त ने प्रवर्तन दल को कांवड़ मार्ग पर विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग व्यवस्था, वेंडिंग जोन, पेड़ों की कटाई-छंटाई और मार्ग को पूरी तरह बाधारहित बनाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

कांवड़ शिविरों में पेयजल व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां आवश्यकता हो, वहां मिनी सबमर्सिबल बोरिंग, पानी के टैंक, मोबाइल टैंकर, शावर, टोंटी और पाइपलाइन की व्यवस्था शिविर शुरू होने से पहले पूरी कर ली जाए। कांवड़ियों के स्नान स्थलों पर पर्याप्त जल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

बैठक में सफाई व्यवस्था के साथ-साथ एंटी लार्वा दवा और चूने का छिड़काव, मोबाइल टॉयलेट, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। नगरायुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रत्येक कार्य की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए। नगर निगम का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना है।

बैठक में अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, सहायक नगरायुक्त जेपी यादव एवं विकास धर दुबे, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी तथा उद्यान प्रभारी डॉ. संदीप मिश्रा सहित निगम के सभी विभागाध्यक्ष और अधिकारी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य