शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। टैक्स एडवोकेट्स एसोसिएशन, सहारनपुर के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन (उपकास) का स्थापना दिवस शनिवार को उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कोर्ट रोड स्थित एक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कर अधिवक्ताओं ने केक काटकर संगठन की स्थापना का उत्सव मनाया तथा अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और संगठन की एकजुटता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के संरक्षक राकेश जैन एवं ज्ञानपाल गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संगठन पिछले कई वर्षों से प्रदेशभर के टैक्स अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। संगठन समय-समय पर अधिवक्ताओं की समस्याओं को शासन और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाता है तथा उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करता है।
अध्यक्ष प्रवीण सूरी और महासचिव अंकित गर्ग ने कहा कि उपकास केवल अधिवक्ताओं का संगठन नहीं बल्कि व्यापारियों और करदाताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी सक्रिय भूमिका निभाता है। संगठन ने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अनेक जटिल समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि बदलते कर कानूनों और जीएसटी व्यवस्था के दौर में अधिवक्ताओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
प्रदेश उपाध्यक्ष नितिन गोयल ने कहा कि उपकास प्रदेशभर के कर अधिवक्ताओं को एक मंच पर जोड़ने का कार्य कर रहा है। संगठन के माध्यम से अधिवक्ताओं को कानूनी और व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
प्रदेश सचिव दीपक जैन ने संगठन को एक विशाल वटवृक्ष की संज्ञा देते हुए कहा कि इसकी छत्रछाया में प्रदेश के हजारों कर अधिवक्ता कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेशे के दौरान आने वाली विभिन्न कानूनी, प्रशासनिक और व्यावसायिक चुनौतियों के समाधान के लिए उपकास हमेशा अपने सदस्यों के साथ मजबूती से खड़ा रहता है।
संगठन के संस्थापक अध्यक्ष चंद्रमोहन शर्मा एवं अनिल गुप्ता ने कहा कि उपकास की स्थापना का उद्देश्य कर अधिवक्ताओं को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना था, जो आज पूरी तरह सफल साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार अधिवक्ताओं के अधिकारों, सम्मान और पेशेवर विकास के लिए कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने संगठन की उपलब्धियों को याद किया और भविष्य में भी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। स्थापना दिवस के अवसर पर केक काटने के बाद उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर चंद्रमोहन शर्मा, राकेश जैन, अनिल गुप्ता, प्रियांक भारद्वाज, ज्ञानपाल गुप्ता, एच.के. अरोड़ा, देवेंद्र वाधवा, विनय अग्रवाल, उमंग जैन, आशीष गुप्ता, सर्वेश सिंघल, अनिल मिश्रा, आर.एस. माथुर, हरीश भटेजा, मनोज जैन, रामकुमार वर्मा, रवि प्रकाश, ललित, शशांक, अंशुल भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कर अधिवक्ता उपस्थित रहे।








