शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर शिवभक्तों की भारी भीड़ और कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सहारनपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। सोमवार तड़के सुबह 3:30 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने स्वयं कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अम्बेडकर चौक से घंटाघर, अम्बाला रोड होते हुए सरसावा (हरियाणा बॉर्डर) तक तथा वहां से अम्बाला-देहरादून हाईवे, गागलहेड़ी और बड़कला (उत्तराखंड बॉर्डर) तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्ग पर पैदल चल रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी कांवड़िये को सड़क पर विश्राम न करने दिया जाए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने पूरे मार्ग पर बनाए गए सुरक्षा प्रबंधों, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, पुलिस पिकेट, अस्थायी चौकियों और अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं लगातार प्रभावी और सुचारु बनी रहें तथा भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

निरीक्षण के दौरान कांवड़ मार्ग पर संचालित डीजे वाहनों की ऊंचाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप जांची गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।
प्रथम सोमवार के अवसर पर जनपद के प्रमुख शिवालयों और मंदिरों में जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए एसएसपी ने विभिन्न मंदिरों का निरीक्षण कर वहां तैनात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी चेक की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके साथ ही विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों, अस्थायी पुलिस चौकियों और ड्यूटी प्वाइंटों का निरीक्षण करते हुए पेयजल, चिकित्सा सहायता, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पूर्ण मुस्तैदी, सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी आपात स्थिति, सूचना या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के प्रति सहयोगात्मक और संवेदनशील व्यवहार भी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सहारनपुर पुलिस ने श्रद्धालुओं को आश्वस्त किया कि कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस प्रशासन लगातार कांवड़ मार्ग, शिवालयों और संवेदनशील स्थलों की निगरानी कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।









