शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, सहारनपुर के प्रतिनिधिमंडल ने महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल के नेतृत्व में तथा विधायक राजीव गुंबर के सहयोग से लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट कर जनपद के व्यापार, उद्योग और आधारभूत विकास से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सहारनपुर में व्यापारियों की अधिकांश स्थानीय समस्याओं का समाधान जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली व्यापार बंधु बैठकों के माध्यम से प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। साथ ही श्रावण कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक प्रबंधों की भी सराहना की गई।
व्यापार मंडल ने ज्ञापन में सरसावा नागरिक हवाई अड्डे से शीघ्र हवाई सेवाएं शुरू कराने, दिल्ली रोड पर प्रस्तावित नए बस अड्डे का निर्माण, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने, स्मार्ट सिटी की लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने तथा औद्योगिक भूमि को फ्रीहोल्ड किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का ध्यान दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निकट प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र में होजरी क्लस्टर और इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थापित करने की आवश्यकता की ओर भी आकर्षित किया। व्यापारियों का कहना था कि इससे सहारनपुर और आसपास के हजारों युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा तथा उन्हें रोजगार की तलाश में गुरुग्राम, नोएडा, बेंगलुरु जैसे महानगरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने सहारनपुर से आनंद विहार तक संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार गुरुग्राम तक किए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। व्यापारियों का कहना था कि इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के बीच व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
लखनऊ प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधायक राजीव गुंबर के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही का भी अवलोकन किया तथा विधानसभा भवन का भ्रमण किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल की ओर से विधायक राजीव गुंबर को शाल एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल, महानगर महामंत्री इंजी. अजय शर्मा, युवा महानगर अध्यक्ष अंकित जैन सहित व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








