Saharanpur News: नानौता में कांवड़ियों की सेवा में उतरे अफजाल खान, ठंडा पानी और कोल्ड ड्रिंक बांटी

नानौता में अफजाल खान ने टीम के साथ कांवड़ सेवा शिविर लगाकर शिवभक्त कांवड़ियों को ठंडे पानी की बोतलें और कोल्ड ड्रिंक वितरित कीं। उन्होंने बिना भेदभाव सेवा जारी रखने की बात कही।

फैय्याज अली आब्दी 

नानौता। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए नगर पंचायत के चेयरमैन पति एवं आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता अफजाल खान अपनी टीम के साथ सेवा कार्य में जुटे। रविवार को नगर के गंगोह रोड स्थित नगर पंचायत कार्यालय पर कांवड़ सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे कांवड़ियों को ठंडे पानी की बोतलें और कोल्ड ड्रिंक वितरित की गईं।

कांवड़ियों के शिविर में पहुंचने पर टीम के सदस्यों ने उनका स्वागत किया और गर्मी एवं उमस के बीच उन्हें ठंडा पानी उपलब्ध कराया। कांवड़ मार्ग से गुजर रहे शिवभक्तों ने सेवा कार्य की सराहना की। इस दौरान शिविर में मौजूद लोगों ने कांवड़ियों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा।

अफजाल खान ने बताया कि पिछले चेयरमैनी के कार्यकाल से ही सावन माह में प्रत्येक वर्ष कांवड़ सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की जाती रही है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उनका कहना था कि सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना पुण्य का कार्य है और इसमें सभी को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा सभी धर्मों और मजहबों के लोगों की बिना किसी भेदभाव के सेवा करने का प्रयास किया है। समाज में भाईचारा, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने के लिए सेवा कार्य जरूरी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं की सेवा के ऐसे कार्य जारी रखे जाएंगे।

कांवड़ सेवा शिविर में अफजाल खान के साथ नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक प्रदीप कुमार, अनिल रावण, पूर्व सभासद अमजद खान, मौलाना असद अली, शमशेर प्रमुख, सलमान मलिक, राशिद खान, बरसा, पृथ्वीराज सिंह, नसीम सिद्दीकी, अनीस कुरैशी, सादिक सैफी, गौतम मेंबर, मास्टर शौक रजा सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। सभी ने कांवड़ियों की सेवा में सहयोग किया।

सावन माह में नानौता से होकर गुजरने वाले कांवड़ मार्ग पर लगातार श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और व्यापारियों की ओर से कांवड़ियों के लिए सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। कहीं ठंडा पानी, शरबत और फल वितरित किए जा रहे हैं तो कहीं विश्राम और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में नगर पंचायत कार्यालय पर लगाया गया सेवा शिविर भी श्रद्धालुओं के लिए राहत का माध्यम बना।

सेवा शिविर के दौरान अफजाल खान और उनकी टीम ने कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा। शिवभक्तों ने भी सेवा कार्य के लिए आयोजकों का आभार जताया। कांवड़ यात्रा के दौरान ऐसे सेवा कार्यों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी सामने आ रहा है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य