शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सावन शिवरात्रि के पावन पर्व और कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सहारनपुर जनपद में 11 अगस्त को सभी स्कूल-कॉलेज एवं शैक्षणिक संस्थानों में भौतिक रूप से अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से इस संबंध में कार्यालय ज्ञाप जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने, 11 अगस्त को सावन शिवरात्रि के पर्व तथा कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। साथ ही कांवड़ मार्ग पर यातायात एवं अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित न हों, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया है।
अवकाश का आदेश समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और माध्यमिक शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त वित्तविहीन विद्यालयों पर लागू होगा। इसके अलावा सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत बोर्ड, मदरसा बोर्ड तथा अन्य बोर्डों से संचालित प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यालयों को भी इसमें शामिल किया गया है।
जिला प्रशासन के आदेश के तहत डिग्री कॉलेज, डायट और तकनीकी शैक्षणिक संस्थानों में भी 11 अगस्त को भौतिक रूप से अवकाश रहेगा। इस दौरान संस्थानों में विद्यार्थियों को परिसर में बुलाकर नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित नहीं की जाएंगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कु. कोमल की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप में सभी संबंधित प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों और विद्यालय प्रबंधकों को जिलाधिकारी के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शैक्षणिक कार्य यथासंभव ऑनलाइन माध्यम से कराने को कहा गया है।
कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण और सावन शिवरात्रि के अवसर पर सहारनपुर में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन पहले से ही सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सतर्क है। इसी क्रम में शिक्षण संस्थानों में एक दिन का भौतिक अवकाश घोषित किया गया है, ताकि कांवड़ मार्गों पर भीड़ और यातायात का दबाव कम रहे तथा श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम एवं सुरक्षित बनी रहे।
11 अगस्त को स्कूल-कॉलेज और मदरसे बंद रहने के कारण अभिभावकों और विद्यार्थियों को भी प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। संस्थानों द्वारा ऑनलाइन कक्षाओं अथवा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में विद्यार्थियों को आवश्यक सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।








