शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देशन में जनपद में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान मनाया जाएगा। अभियान को देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के तहत आमजन को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ा जाए और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तिरंगा झंडों की उपलब्धता एवं वितरण समय से सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान प्रतिदिन की रणनीति तैयार कर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि पूरे जनपद में देशभक्ति का वातावरण बनाया जा सके।
शासकीय भवनों और संस्थानों पर होगा ध्वजारोहण
अभियान के तहत शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों, होटलों, बांधों, पुलों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख भवनों और स्थानों पर तिरंगा प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आए।
सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष जितने तिरंगे झंडे तैयार किए जाने शेष हैं, उन्हें निर्धारित समय से पहले तैयार कराकर उनका वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने झंडा निर्माण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करने के भी निर्देश दिए।
झंडे के आकार और निर्माण को लेकर दिए निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज का आकार आयताकार होना चाहिए और उसकी लंबाई एवं चौड़ाई का अनुपात 3:2 निर्धारित है। झंडे के निर्माण में खादी, हाथ से बने अथवा मशीन से बने सूती कपड़े के साथ पॉलिस्टर, ऊनी और सिल्क कपड़े का भी प्रयोग किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज में सबसे ऊपर केसरिया, बीच में सफेद और नीचे हरा रंग होना चाहिए। सफेद पट्टी के मध्य में 24 तीलियों वाला अशोक चक्र होना अनिवार्य है। झंडे की गरिमा और निर्धारित मानकों का ध्यान रखते हुए ही तिरंगे का निर्माण एवं उपयोग किया जाए।
ध्वज संहिता का पालन करना जरूरी
सीडीओ सुमित राजेश महाजन ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, स्कूलों और सरकारी कार्यालयों सहित अन्य स्थानों पर राष्ट्रध्वज को पूरे सम्मान के साथ फहराएं और भारतीय ध्वज संहिता के नियमों का अक्षरशः पालन करें।
उन्होंने कहा कि तिरंगा फहराते समय केसरिया पट्टी हमेशा ऊपर की ओर होनी चाहिए। सरकारी परिसर में ध्वजारोहण सूर्योदय के बाद किया जाना चाहिए और सूर्यास्त के समय पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज को उतारा जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 13 से 15 अगस्त तक निजी आवासों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाए जाने वाले तिरंगे को निर्धारित समयावधि के बाद सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए। राष्ट्रीय ध्वज को किसी भी स्थिति में जमीन पर न गिरने दिया जाए और न ही उसका अनादर होने दिया जाए।
कटा या फटा तिरंगा न लगाएं
जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष रूप से अपील की है कि घरों एवं प्रतिष्ठानों पर लगाया जाने वाला तिरंगा सही तरीके से लगाया जाए। आधा झुका, कटा, फटा अथवा क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय ध्वज किसी भी दशा में नहीं लगाया जाए। राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
सीडीओ ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के दौरान नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अभियान से संबंधित कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
आने वाली पीढ़ी को भी राष्ट्रप्रेम से जोड़ने की अपील
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पूरी तरह पालन करते हुए अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा स्थापित करें। उन्होंने कहा कि अभियान के बाद तिरंगे को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा जाए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हर घर पर तिरंगा फहराकर लोग स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों और देश के वीर सपूतों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से सहारनपुर के प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान और प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर देशभक्ति की भावना दिखाई दे तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा जनपद तिरंगामय नजर आए।









