शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। बारिश के चलते मंगलवार को नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई में मात्र तीन फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। अपर नगरायुक्त प्रदीप कुमार यादव ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इनमें से पशुपालन विभाग से संबंधित एक समस्या का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर तत्काल समाधान कराया गया, जबकि विद्युत एवं स्ट्रीट लाइट से जुड़ी दो शिकायतों के निस्तारण के लिए पथ प्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वार्ड 02 विजय नगर, दिल्ली रोड निवासी कुलदीप कुमार ने आवासीय क्षेत्र में पशुपालन किए जाने तथा उससे उत्पन्न हो रही परेशानियों की शिकायत की। अपर नगरायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद संबंधित टीम को मौके पर भेजकर शिकायत का समाधान कराया गया।
वहीं वार्ड 46 नदीम कॉलोनी निवासी आसिफ ने कॉलोनी में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। इसी प्रकार वार्ड 21 टैगोर गार्डन, पेपर मिल रोड निवासी ऋषिपाल ने भी कॉलोनी में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की।
दोनों शिकायतों पर अपर नगरायुक्त प्रदीप कुमार यादव ने पथ प्रकाश प्रभारी को संबंधित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर खराब लाइटों को ठीक कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे








