Saharanpur News: स्वतंत्रता दिवस पर सहारनपुर में होंगे भव्य आयोजन, 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा हुई। 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलेगा और विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। स्वतंत्रता दिवस को लेकर सहारनपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के साथ स्वतंत्रता दिवस के विभिन्न कार्यक्रमों को परंपरागत और भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में हुई बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, फल वितरण, रूट मार्च, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों और समाज के गणमान्य लोगों से कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

रूट मार्च के दौरान रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रूट मार्च के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन किया जाए। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए। नगर क्षेत्र में नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग को महापुरुषों की प्रतिमाओं वाले स्थलों समेत पूरे क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।

क्रॉस कंट्री के विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार

जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी को क्रॉस कंट्री दौड़ में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

गांधी पार्क, घंटाघर चौक, देहरादून चौक, चौधरी चरण सिंह चौक और जनकपुरी चौक समेत अन्य निर्धारित स्थानों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके अलावा राजकीय चिकित्सालय, कुष्ठ आश्रम, मानव मंदिर सहित अन्य स्थानों पर फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कांवड़ यात्रा सफल होने पर जताया आभार

बैठक के दौरान जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कांवड़ यात्रा के सफल और सुरक्षित संपन्न होने पर समाजसेवियों, यात्रा में सहयोग करने वाले सभी लोगों तथा जनपदवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सकी।

ध्वज संहिता का पालन जरूरी

जिलाधिकारी ने कहा कि 13 से 15 अगस्त के बीच ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में शामिल करते हुए राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया जाएगा। लोगों से अपने घरों, स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ फहराने तथा ध्वज संहिता का पालन करने की अपील की गई।

उन्होंने कहा कि निजी आवासों और प्रतिष्ठानों पर लगाए गए तिरंगे को निर्धारित अवधि के बाद पूरे सम्मान के साथ उतारकर सुरक्षित रखा जाए। किसी भी स्थिति में आधा झुका, कटा या फटा हुआ राष्ट्रीय ध्वज नहीं लगाया जाना चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार, चीफ वार्डन सिविल डिफेंस राजेश जैन, महेंद्र कुमार तनेजा, शीतल टंडन, जयनाथ शर्मा, आमिर खान, ब्रित चावला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं समाज के सम्मानित सदस्य मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य