शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत भाजपा महानगर सहारनपुर के सभी मंडलों में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। यात्राओं में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा महानगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा शुरू होने से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. पन्ना लाल शर्मा तथा पूर्व विधायक लाजकृष्ण गांधी को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विभिन्न मंडलों में कार्यकर्ताओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण गूंजता रहा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला जनअभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर तिरंगा प्रत्येक देशवासी के मन में देशभक्ति, गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बन चुका है।
नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्राओं में उमड़ी भीड़ देश की एकता और अखंडता के प्रति नागरिकों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर पर तिरंगा फहराना चाहिए।
महापौर अजय कुमार सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य किया है। तिरंगे का सम्मान प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और कर्तव्य है।
पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा और पूर्व मंत्री संजय गर्ग ने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता संग्राम, वीर शहीदों के बलिदान और देश के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। यह अभियान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर भी प्रदान करता है।
पूर्व महापौर संजीव वालिया, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन एवं हेमंत अरोड़ा ने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और गरिमा के साथ मनाने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्राओं में अमित गगनेजा, योगेश कुमार, अजब सिंह, जयराम गौतम सहित भाजपा महानगर पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। महानगर अभियान संयोजक एवं महानगर उपाध्यक्ष अमित गर्ग, मंत्री राजेश जौहरी, बबीता सैनी, मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता, सोशल मीडिया प्रभारी प्रदीप शर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों ने भी यात्रा में सहभागिता की।








