Saharanpur News: हर घर तिरंगा के नारों से गूंजा बेहट, भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बेहट में भाजपा ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी मुख्य अतिथि रहे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों से कस्बे को गूंजा दिया।

गय्यूर मलिक

बेहट । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत बुधवार देर शाम बेहट में भाजपा मंडल की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से कस्बे का वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शाकंभरी रोड स्थित एक पैलेस से हुआ। यहां से यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई तहसील मुख्यालय पहुंची, जहां उसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत भी किया।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल देश की आन, बान और शान का प्रतीक ही नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के गौरव, सम्मान और एकता की पहचान है। राष्ट्रीय ध्वज देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष और वीर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ राष्ट्र के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और गौरव की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रभक्ति के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक नरेश सैनी ने कहा कि भाजपा की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।

यात्रा में डीसीडीएफ चेयरमैन सोनेंद्र राणा, साहब सिंह पुंडीर, युवा नेता संजीव कुमार उर्फ बॉबी कर्णवाल, राकेश गाबा, युवा नेता अभय राणा, गन्ना समिति अध्यक्ष मुल्कीराज सैनी, अनिल सिंघल, जिला पंचायत सदस्य हंसराज गौतम, जिला पंचायत सदस्य चौधरी रामकिशन उर्फ रामू, देवेंद्र राणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा बेहट मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सैनी ने किया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रध्वज की गरिमा बनाए रखने और देशहित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य