Saharanpur News: तिरंगा रैली से देशभक्ति के रंग में रंगा सहारनपुर, मंत्री-विधायक समेत हजारों लोग हुए शामिल

हर घर तिरंगा अभियान के तहत सहारनपुर में मंडलायुक्त कार्यालय से राजकीय इंटर कॉलेज तक भव्य तिरंगा रैली निकली। मंत्री, विधायक, अधिकारी, स्कूली बच्चों और हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर, । ‘हरर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को सहारनपुर में विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। मंडलायुक्त कार्यालय से शुरू हुई रैली नेहरू मार्केट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में बाइक सवारों, स्कूली बच्चों, अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

तिरंगा रैली का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह, नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली शुरू होते ही लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े।

राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश की एकता, अखंडता और वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। तिरंगा देश की आन, बान और शान है। उन्होंने कहा कि जिन वीरों ने देश की रक्षा और स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन बलिदान किया तथा यातनाएं सहीं, उनके सम्मान में इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।

 

नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान के कारण देश को आजादी मिली। तिरंगा यात्रा के माध्यम से उन सभी वीरों को नमन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश को विकसित और मजबूत बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। देश जाति, धर्म, मजहब और परिवार से सर्वोपरि है। सभी को राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।

रैली में मंत्री, विधायक, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं पैदल मार्च करते हुए रैली का नेतृत्व किया। उनके साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, बाइक सवार, अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से रैली का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा।

रैली के दौरान देशभक्ति गीतों और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर का वातावरण गूंजता रहा। मार्ग में लोगों में तिरंगा यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। रैली में शामिल बच्चों और युवाओं ने भी पूरे जोश के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए देशप्रेम का संदेश दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने रैली को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन के समन्वय में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। रैली को लेकर मार्ग पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मंडलायुक्त कार्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नेहरू मार्केट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के प्रांगण में पहुंची। यहां राष्ट्रभक्ति के माहौल के बीच भव्य तिरंगा रैली का गरिमापूर्ण समापन हुआ। रैली ने स्वतंत्रता दिवस से पहले सहारनपुर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य