शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई की ओर से स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में राज्यकर विभाग के अधिकारियों को तिरंगा भेंट कर सम्मानित किया गया। व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली रोड स्थित राज्यकर विभाग के कार्यालय पहुंचकर सहारनपुर मंडल की एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 रूबी सिंह तथा एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 विजयानंद पाण्डेय को फ्रेमयुक्त खादी के तिरंगे भेंट किए।

इस अवसर पर एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 रूबी सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की शान और गौरव का प्रतीक है। व्यापार मंडल द्वारा राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर जिस उत्साह और समर्पण के साथ हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत होती है।

एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 विजयानंद पाण्डेय ने कहा कि विभाग और व्यापारी एक-दूसरे के पूरक हैं। व्यापारी समाज का महत्वपूर्ण और जागरूक वर्ग है। जिला व्यापार मंडल व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करता है। इसके साथ ही राष्ट्रीय एवं सामाजिक पर्वों में भी व्यापार मंडल की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलती है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा महज एक ध्वज नहीं है, बल्कि यह देश के वीर शहीदों के बलिदान, त्याग और संघर्ष की स्मृति से जुड़ा हुआ है। राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने व्यापार मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि संगठन की ओर से 9 से 17 अगस्त तक स्वाधीनता दिवस से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य व्यापारियों के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने अधिकारियों के साथ स्वतंत्रता दिवस एवं हर घर तिरंगा अभियान को लेकर विचार-विमर्श भी किया। इस दौरान सभी ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, राजीव अग्रवाल, संजय माहेश्वरी, हरीश खुंगर, पंकज धमीजा, द्वारकानाथ बजाज, अशोक मलिक, केएल दावड़ा, किशोर मानकटला, सुनील धमीजा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।








